सोनभद्र। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में वृहद पौधरोपण अभियान के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विकास खंड घोरावल के तिलौली कला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं सदर विधायक भूपेश चौबे, ब्लॉक प्रमुखों, ग्राम प्रधानों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने भी अभियान में सहभागिता निभाई।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनका संरक्षण सुनिश्चित कर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।
जनपद में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के प्रति उत्साह दिखाया।
1.61 करोड़ से अधिक पौधों का लक्ष्य
पौधारोपण महाअभियान के तहत जनपद सोनभद्र में कुल 1 करोड़ 61 लाख 69 हजार 686 पौधे रोपित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वन विभाग द्वारा लगभग 1 करोड़ 2 लाख 18 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा, जबकि शेष पौधे 22 अन्य विभागों द्वारा लगाए जाएंगे।
मिशन छाया के तहत सड़कें होंगी हरित
अभियान के अंतर्गत ‘मिशन छाया’ को भी गति दी जाएगी। इसके तहत सड़कों के दोनों ओर बड़े पैमाने पर छायादार पौधे लगाए जाएंगे, जिससे हरित आवरण बढ़ने के साथ राहगीरों को भी राहत मिल सकेगी।जनपद प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है, ताकि सोनभद्र को हरित और पर्यावरणीय रूप से समृद्ध जनपद बनाया जा सके।









.jpeg)
0 टिप्पणियाँ