Ad Code


 

कार्यदायी संस्था की लापरवाही बनी मौत का कारण! अधूरी नाली में खड़ी सरिया पर गिरकर बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

 भारत लाइव टीवी 24।अमेठी। एस.पी. तिवारी


अमेठी
जिले के जामों थाना क्षेत्र अंतर्गत जनापुर गांव में कार्यदायी संस्था और ठेकेदार की कथित घोर लापरवाही एक बुजुर्ग की जान पर भारी पड़ गई। निर्माणाधीन नाली का कार्य महीनों से अधूरा छोड़ दिया गया था और सड़क किनारे खड़ी सरिया राहगीरों के लिए मौत का जाल बनी हुई थी।जानकारी के अनुसार गांव निवासी जगन्नाथ गुप्ता (65 वर्ष) साइकिल से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे निर्माणाधीन नाली में निकली सरिया से टकराकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग दो माह से नाली निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है। कई बार शिकायत के बावजूद न तो सरिया हटाई गई और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्यदायी संस्था ने जिम्मेदारी निभाई होती तो आज एक बुजुर्ग की जान नहीं जाती।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी सड़क निर्माण में खामियों को उजागर करने वाले दो युवकों के खिलाफ ठेकेदार द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब एक व्यक्ति की जान चली गई है तो क्या प्रशासन कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई करेगा?फिलहाल पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं यह घटना प्रशासनिक निगरानी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ