मिर्जापुर। जसोहर पहाड़ी क्षेत्र में द ग्रैंड चंद्र बैंक्वेट एंड लान के पास शुक्रवार की रातको तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से पैदल जा रहा एक युवक घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार दो युवक तेज गति से आ रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल चल रहे युवक से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैदल युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया, वहीं बाइक सवार दोनों युवक भी हादसे में घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई।



0 टिप्पणियाँ