सोनभद्र/ओबरा। ओबरा नगर स्थित अग्रसेन पेंट एंड ग्लास हाउस में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घर में लगे सोलर पैनल की बैटरी और इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल प्रशासन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी एवं फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की घटना से आसपास के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने अपने घरों और दुकानों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया।फायर ब्रिगेड कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी थे। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है। स्थानीय लोगों ने विद्युत उपकरणों और सोलर बैटरी सिस्टम की नियमित जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ