Ad Code


 

महंगाई पर कांग्रेस का हल्ला बोल, पुतला दहन के बाद गिरफ्तारी से गरमाई राजनीति

भारत लाइव टीवी 24।संवाददाता: एम. आरिफ खान, बदायूं


बदायूं
। बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को उसहैत कस्बे में जोरदार प्रदर्शन कर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरते हुए महंगाई का प्रतीकात्मक पुतला फूंका। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि करीब दो घंटे बाद सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने ककराला चौराहे पर एकत्र होकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की और आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल मूल्यवृद्धि वापस लेने और आम जनता को राहत देने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद पुलिस ने जिलाध्यक्ष अजीत यादव समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए अजीत यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हो रहा है और विरोध की हर आवाज को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर संघर्ष करते रहेंगे और गिरफ्तारी या जेल जाने से पीछे हटने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। घरेलू गैस, खाद्य पदार्थों और ईंधन की बढ़ती कीमतों ने परिवारों की आर्थिक स्थिति पर भारी असर डाला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द राहत नहीं दी तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन तेज करेगी।

प्रदर्शन में बफाती मियां, यूनिस रजा, अहमद अमजदी, राजीव पटेल, बब्लू सैफी, इकरार अली, जाबिर जैदी, अकरम खान, सुरेंद्र सिंह, रईस फारूकी, शोएब सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ