भारत लाइव टीवी 24।संवाददाता: शैल मिश्रा
अमेठी। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद गौरीगंज में लोक कल्याण मेला एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योजना से लाभान्वित पथ विक्रेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा विभिन्न चरणों के ऋण स्वीकृति एवं वितरण प्रमाण-पत्र तथा क्यूआर कोड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद गौरीगंज के अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक सिंह ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि आसान एवं सुलभ ऋण सुविधा के माध्यम से पथ विक्रेता अपने व्यवसाय का विस्तार कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं तथा उनकी आर्थिक स्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है। समारोह के दौरान बैंकों द्वारा लाभार्थियों को प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति एवं वितरण से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए क्यूआर कोड भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर डूडा अधिकारी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार, बैंक प्रतिनिधि, सभासदगण, सीएमएम, सीओ तथा बड़ी संख्या में पथ विक्रेता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ