सोनभद्र, 08 जून। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में नगरीय निकायों में संचालित वंदन योजना के अंतर्गत प्राप्त विकास प्रस्तावों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), विभिन्न नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), सूचना विभाग एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में नगर पंचायत घोरावल, दुद्धी, पिपरी, रेनुकूट एवं चुर्क-घुर्मा द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। विभिन्न मंदिरों एवं पौराणिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्री शेड, हाल, संपर्क मार्ग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण संबंधी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चयनित ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ शासन की मंशा के अनुरूप सौंदर्यीकरण कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने वास्तुविदों से परामर्श लेकर तीन दिनों के भीतर अधिक आकर्षक एवं प्रभावी प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर), विधायक निधि एवं अन्य वित्तीय स्रोतों से धनराशि उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएं ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को नगर पालिका परिषद सोनभद्र क्षेत्र में आधुनिक ऑडिटोरियम एवं स्मार्ट रोड निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि तथा सड़क का चयन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के समग्र विकास तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दूरदर्शी एवं जनहितकारी कार्ययोजना तैयार की जाए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण तथा नगर क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से क्रियान्वित किया जाए। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति एवं भावी योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ