Ad Code


 

अटल आवासीय विद्यालय पहुंचे डीएम चर्चित गौड़, बच्चों संग किया भोजन, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

विश्व पर्यावरण दिवस पर किया वृक्षारोपण, श्रमिकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के दिए निर्देश


सोनभद्र, 05 जून
। जनपद के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शुक्रवार को अटल आवासीय विद्यालय गुरमुरा का औचक निरीक्षण कर शिक्षा, स्वच्छता और छात्र कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, भोजनालय तथा छात्रावास का निरीक्षण कर साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण अत्यंत आवश्यक है।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया और स्वयं भोजन की गुणवत्ता परखी। भोजन संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने विद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।


विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।


निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने अपर श्रम आयुक्त पिपरी को निर्देशित किया कि जनपद में ऐसे स्थलों का चिन्हांकन किया जाए जहां बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। उन्होंने श्रमिकों के लिए विश्राम स्थल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी के इस निरीक्षण से विद्यालय प्रशासन में सक्रियता बढ़ी है तथा विद्यार्थियों और अभिभावकों में सकारात्मक संदेश गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ