शंकरगढ़। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को जीवनोपयोगी कौशल सिखाना भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच को साकार करते हुए न्यू चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल, सिंधी टोला, शंकरगढ़ में शनिवार को नॉन-फायर कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिना आग का प्रयोग किए स्वादिष्ट, पौष्टिक एवं आकर्षक व्यंजन तैयार कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में कक्षा 5 से 9 तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। किसी ने हेल्दी चना, चना मसाला, मुरमुरा, चटपटा मुरमुरा और सैंडविच तैयार किया तो किसी ने भेलपुरी, सलाद, स्वीट कॉर्न चाट, नाचोज़ चाट, रसमलाई, कोकोनट स्नोमैन, चॉकलेट, केक और लेमन जूस जैसे आकर्षक व्यंजन बनाकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने व्यंजनों की सुंदर सजावट और पोषण संबंधी जानकारी भी प्रस्तुत की, जिसकी सभी ने सराहना की।विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश चंद्र मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच, स्वच्छता, अनुशासन और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करते हैं। वहीं प्रधानाचार्य शीतल सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि जीवन के लिए तैयार करना है। पढ़ाई के साथ-साथ इस प्रकार की व्यावहारिक गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिक्षिका नीतू सिंह, सोनम सिंह, अंजली मिश्रा तथा इंद्रजीत मिश्रा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। बताया गया कि न्यू चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल समय-समय पर शिक्षा के साथ संस्कार, रचनात्मकता, व्यक्तित्व विकास और जीवन कौशल से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।


0 टिप्पणियाँ