ओबरा (सोनभद्र)। अखंड भारत के शिल्पकार एवं देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर नगर पंचायत ओबरा द्वारा आज एक प्रेरणादायक संगोष्ठी एवं “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत ओबरा के चिल्ड्रन पार्क से हुई, जहां पर नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी श्री मधुसूदन जायसवाल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने सरदार पटेल जी के जीवन, उनके योगदान और भारत के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा कि — “सरदार वल्लभभाई पटेल ने केवल भारत को आज़ाद देश का स्वरूप नहीं दिया, बल्कि उसे अखंडता और एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया। उनके आदर्श और विचार आज भी हमारे प्रशासनिक तंत्र और राष्ट्रीय चरित्र के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।”संगोष्ठी के उपरांत “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन हुआ, जो चिल्ड्रन पार्क से प्रारंभ होकर क्लब एरिया, नगर पंचायत कार्यालय होते हुए CO ऑफिस तक संपन्न हुई। दौड़ में नगर पंचायत के सभी स्वच्छता कर्मियों, सफाई नायकों, डोर-टू-डोर कलेक्शन में कार्यरत मातृ शक्तियों के साथ-साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री राम निवास तोमर एवं नगर पंचायत परिवार के अनेक कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र में “एकता, अखंडता और सेवा भावना” का संदेश जन-जन तक पहुँचाना रहा। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “एक भारत – श्रेष्ठ भारत”, “जय अखंड भारत” और “जय सरदार पटेल” के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर अधिशासी अधिकारी श्री जायसवाल ने सभी प्रतिभागियों को सरदार पटेल जी के आदर्शों पर चलने और एक सशक्त, स्वच्छ एवं एकजुट भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उनके प्रेरक शब्दों से उपस्थित लोगों में देशभक्ति और एकता का संकल्प और भी प्रबल हुआ।जयंती समारोह का समापन “जय अखंड भारत, जय सरदार पटेल” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ, जिससे पूरा नगर एकता, समर्पण और राष्ट्रीय गर्व के भाव से गूंज उठा।
Tags
Sonbhadra


