सोनभद्र।चोपन नगर में आज तड़के लगभग 3:45 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे बाजार को दहला दिया। डाला की ओर से आ रहा एक 18 चक्का ओवरलोड ट्रेलर चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित हो गया और सीधा बाजार में घुस गया।
ट्रेलर ने गुरुद्वारा स्कूल और State Bank of India के बीच स्थित बर्तन, हार्डवेयर और राशन की लगभग आधा दर्जन दुकानों को तहस-नहस कर दिया। दुकानों के सामने खड़ी चार से पांच मोटरसाइकिलें पूरी तरह चकनाचूर हो गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टिनशेड, फ्रीजर और दुकान का सारा सामान सड़क पर बिखर गया।
इस हादसे में रमेश सोनी, लक्ष्मण सोनी, माता प्रसाद पांडे और अमित गर्ग की दुकानों को सबसे अधिक नुकसान हुआ। सुबह जब व्यापारी मौके पर पहुंचे तो बर्बादी देखकर सन्न रह गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और माहौल गम और गुस्से में बदल गया।सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि राजनीतिक और सामाजिक रूप से सक्रिय चोपन में मौके पर पहुंचने वाले एकमात्र नेता पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह रहे। उन्होंने पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, अधिकारियों से संपर्क किया और प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग उठाई।
पीड़ित व्यापारियों का कहना है कि इस तरह के गंभीर हादसे में अन्य जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों को भी आगे आकर आवाज उठानी चाहिए, ताकि प्रशासन से उचित क्षतिपूर्ति मिल सके और टूट चुके कारोबार को दोबारा खड़ा किया जा सके।





0 टिप्पणियाँ