Ad Code


 

स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला! अब पहले बिजली जलाइए, बाद में बिल भरिए — उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत

 


सोनभद्र। बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर लोगों की सबसे बड़ी परेशानी खत्म होने जा रही है। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बड़ा फैसला लेते हुए आरडीएसएस योजना के तहत लगाए गए सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड मोड में बदलने का आदेश जारी कर दिया है।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि अब उपभोक्ताओं को पहले बिजली इस्तेमाल करने और बाद में भुगतान करने की सुविधा मिलेगी। यह बदलाव सीधे मुख्यालय स्तर से RMS बैकएंड के माध्यम से किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को किसी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।बताया गया कि मई 2026 की डिजिटल बिलिंग का बिल जून माह में पोस्टपेड सिस्टम के तहत जारी किया जाएगा। बिजली बिल उपभोक्ताओं के मोबाइल पर एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए सीधे भेजे जाएंगे। विभाग की ओर से हर महीने की 10 तारीख तक बिल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।अगर किसी क्षेत्र में नेटवर्क समस्या के कारण ऑटोमैटिक रीडिंग नहीं हो पाती है तो विभागीय कर्मचारी घर पहुंचकर मैनुअल रीडिंग लेंगे। वहीं अब से जारी होने वाले सभी नए बिजली कनेक्शन स्मार्ट पोस्टपेड मोड में ही दिए जाएंगे।बिजली विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं को भी बड़ी राहत दी है। 30 अप्रैल 2026 तक के पुराने बकाये को घरेलू उपभोक्ता 10 आसान किस्तों में जमा कर सकेंगे। इसके अलावा पहले जमा की गई सिक्योरिटी राशि को जून से अगले चार महीनों के बिजली बिलों में समायोजित किया जाएगा।नियमों के मुताबिक बिल जारी होने के बाद भुगतान के लिए 15 दिन का समय मिलेगा। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए विभाग द्वारा विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे।इस फैसले के बाद स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में चल रही नाराजगी कम होने की उम्मीद जताई जा रही है। बिजली विभाग का दावा है कि नई व्यवस्था से उपभोक्ताओं को राहत मिलने के साथ बिलिंग प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ