रेणुकूट/सोनभद्र।जनपद सोनभद्र के औद्योगिक नगर रेणुकूट के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कार्यरत युवा खिलाड़ी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे जिले, उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। रेणुकूट निवासी रवि सिंह अब आगामी 8वीं विश्व क्वान की डो चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।विशेष बात यह है कि रवि सिंह उत्तर प्रदेश के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्हें इस प्रतिष्ठित विश्व प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिला है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे सोनभद्र जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।बताया गया कि रवि सिंह, स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र हैं तथा वर्तमान में हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत हैं। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने खेल के प्रति अपने जुनून, अनुशासन और अथक मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।विश्व स्तर की यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 मई से 24 मई 2026 तक रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट स्थित कॉम्प्लेक्स स्पोर्टिफ “सैले पॉलीवैलेंटे डायनामो” में आयोजित होगी। इस चैंपियनशिप में दुनिया भर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जहां भारत की ओर से रवि सिंह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।रवि सिंह की सफलता सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और सोनभद्र जिले के लिए गौरव का विषय बन गई है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। लगातार अभ्यास, आत्मविश्वास और समर्पण ने उन्हें आज विश्व मंच तक पहुंचा दिया।रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन तथा साथियों के सहयोग को दिया। उन्होंने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश क्वान की डो एसोसिएशन के महासचिव अमित कुमार सिंह, क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष विनोद कुमार एवं संगठन के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।रवि सिंह ने कहा कि “देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सपना और गर्व है। मैं पूरी मेहनत और समर्पण के साथ विश्व मंच पर उतरूंगा और कोशिश करूंगा कि भारत का तिरंगा ऊंचा रहे।”उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिले के जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, हिण्डालको परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। रेणुकूट से लेकर पूरे सोनभद्र में लोग रवि सिंह की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि वह विश्व चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।
🌐 Website:
www.bharatlivetv24.info
www.bharatlivetv24.info
📧 Email:
livetvsonbhadra@gmail.com
livetvsonbhadra@gmail.com
📞 Contact:
+91-9140089223
+91-9140089223
📰 About:
Bharat Live TV 24 एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो देश-विदेश, राजनीति, अपराध, खेल, मनोरंजन तथा स्थानीय समाचारों को तेज़, निष्पक्ष और विश्वसनीय तरीके से अपने दर्शकों तक पहुँचाता है।
Bharat Live TV 24 एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है, जो देश-विदेश, राजनीति, अपराध, खेल, मनोरंजन तथा स्थानीय समाचारों को तेज़, निष्पक्ष और विश्वसनीय तरीके से अपने दर्शकों तक पहुँचाता है।

0 टिप्पणियाँ