Ad Code


 

समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, राजस्व विभाग की सर्वाधिक 114 शिकायतें दर्ज

यमुनापार, प्रयागराज।तहसील कोरांव में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल शिकायतों में सबसे अधिक 114 मामले राजस्व, गृह एवं गोपन विभाग से संबंधित रहे। इसके अतिरिक्त विकास विभाग की 46, शिक्षा विभाग की 42, समाज कल्याण विभाग की 1 तथा अन्य विभागों से संबंधित 69 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।समाधान दिवस में तहसीलदार के साथ नायब तहसीलदार बड़ोखर राजीव शुक्ला, नायब तहसीलदार राम मूरत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एक-एक फरियादी की समस्या सुनकर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हालांकि उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कोरांव स्वास्थ्य संबंधी कारणों से समाधान दिवस में उपस्थित नहीं हो सके, जिसके चलते कई फरियादियों ने उनसे सीधे मुलाकात न हो पाने पर निराशा भी व्यक्त की। इसके बावजूद तहसील प्रशासन ने शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी रखी और कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए गए।समाधान दिवस में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रयागराज मुख्यालय से कोरांव तहसील की लंबी दूरी का मुद्दा भी उठाया। लोगों का कहना था कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण यहां समस्याओं और शिकायतों की संख्या अधिक रहती है। ऐसे में यदि जिलाधिकारी स्वयं कोरांव तहसील पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनें तो लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।
क्षेत्रीय जनता ने जिलाधिकारी प्रयागराज से आगामी समाधान दिवस में कोरांव तहसील आने की मांग की, ताकि फरियादी अपनी समस्याएं सीधे उनके समक्ष रख सकें। लोगों ने बताया कि पूर्व में भी कई बार जिलाधिकारी के आगमन की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से उनका दौरा नहीं हो सका।
ग्रामीणों और फरियादियों का कहना है कि जिले के मुख्यालय से दूरी होने के कारण कोरांव क्षेत्र की समस्याएं अक्सर समय पर उच्च अधिकारियों तक नहीं पहुंच पातीं। यदि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण करें और जनता से संवाद स्थापित करें, तो कई समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।
तहसील प्रशासन ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराया जाएगा, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ