सीडीओ जागृति अवस्थी की बड़ी बैठक, जल संकट और गर्मी से निपटने के लिए तैयार हुई मास्टर प्लानिंग
सोनभद्र। जनपद में संभावित सूखे की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें सूखा राहत और जनसुविधाओं को लेकर सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीडीओ ने साफ शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभाग समय से अपनी तैयारियां पूरी कर लें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनता को तुरंत राहत पहुंचाई जा सके। उन्होंने जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए तालाबों, पोखरों और अन्य जल स्रोतों में पर्याप्त पानी भरवाने के निर्देश दिए।
गर्मी और जल संकट को देखते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार करने पर भी जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि दूषित पानी और भीषण गर्मी से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाइयों, ओआरएस और पेयजल जांच किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में सिंचाई विभाग को भी विशेष निर्देश दिए गए कि नहरों के जरिए जल आपूर्ति सुचारु रखी जाए और जरूरत पड़ने पर तालाबों व जलाशयों तक पानी पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि किसानों को सिंचाई संकट का सामना न करना पड़े।वहीं अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने बिजली विभाग को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि भीषण गर्मी में आमजन को परेशानी न उठानी पड़े।बैठक में जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और संभावित सूखे से निपटने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।







0 टिप्पणियाँ