सोनभद्र। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान का व्यापक आयोजन किया गया। 5 जून से 21 जून तक संचालित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मियों की टीमों ने घर-घर जाकर डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण किया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक परिसरों, स्कूलों, पंचायत भवनों और प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई की गई। नालियों की विशेष सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया तथा ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए जनसंपर्क अभियान भी चलाया गया।
अभियान के दौरान पूरे जनपद से लगभग 10 टन कूड़ा एकत्रित किया गया, जिसका वैज्ञानिक एवं समुचित निस्तारण सुनिश्चित कराया गया। ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर चले इस सफाई अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण का निर्माण हुआ और लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश मिला।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए प्रत्येक गांव तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाया जाए। साथ ही जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने घर, गांव और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा स्वच्छ, सुंदर और हरित जनपद के निर्माण में सहभागी बनें।स्वच्छता अभियान के दौरान ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, सफाई कर्मियों और ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जनपद में चल रहे इस विशेष अभियान को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला और स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








.jpeg)
0 टिप्पणियाँ