हर ब्लॉक में बनेगा मिनी स्टेडियम, खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
भारत लाइव टीवी 24। संवाददाता इस्तियाक अहमद
सोनभद्र, 09 जून 2026। जनपद में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सोमवार देर रात कैंप कार्यालय में खेल सुविधाओं के विकास और स्पोर्ट्स स्टेडियमों के सुदृढ़ीकरण को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने रॉबर्ट्सगंज स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम समेत जिले के विभिन्न खेल परिसरों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बैडमिंटन हॉल, छात्रावासों, खेल मैदानों और अन्य खेल अवसंरचनाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है, जरूरत केवल उन्हें बेहतर मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है।
बैठक में खेल परिसरों में स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को उच्च स्तर पर विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैडमिंटन, टेनिस सहित विभिन्न खेलों के लिए आवश्यक उपकरण और संसाधन समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएं, ताकि खिलाड़ियों के अभ्यास और प्रदर्शन पर कोई असर न पड़े।सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रत्येक विकासखंड में मिनी स्टेडियम की स्थापना के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जहां भूमि उपलब्ध हो चुकी है, वहां निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो और जल्द से जल्द कार्य शुरू कराया जाए।डीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें अपने क्षेत्र में ही आधुनिक खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध हो जाए तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। प्रशासन का लक्ष्य गांव-गांव तक खेल संस्कृति को मजबूत करना और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना है।बैठक में क्रीड़ा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और खेल विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।जनपद में खेल सुविधाओं के विस्तार और मिनी स्टेडियम निर्माण की इस पहल को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








.jpeg)
0 टिप्पणियाँ