Ad Code


 

12 साल की उपलब्धियों का महाअभियान शुरू, 21 जून तक चलेगा जन-जागरूकता पर्व

प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने तैयारियों की समीक्षा की, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिले स्मार्ट मोबाइल फोन


सोनभद्र।
केंद्र सरकार के गौरवपूर्ण 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद सोनभद्र में 05 जून से 21 जून तक चलने वाले जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने की।


बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूरे जनपद में व्यापक जनसंपर्क, विकास प्रदर्शनी, लाभार्थी संवाद, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिला डिजिटल सशक्तिकरण का तोहफा


बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किए। इन मोबाइल फोनों के माध्यम से पोषण ट्रैकर एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना ऐप का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।


जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जनपद को कुल 2099 स्मार्ट मोबाइल फोन प्राप्त हुए हैं, जिन्हें सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को चरणबद्ध तरीके से वितरित किया जाएगा।


जन-जन तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : जिलाधिकारी


जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि अभियान को जनपद में पूरी गंभीरता और प्रभावी रणनीति के साथ संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं। साथ ही ब्लॉक स्तर तक कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जाए।


बैठक में सदर विधायक भूपेश चौबे, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्य बिंदु

  • 05 जून से 21 जून तक चलेगा विशेष जन-जागरूकता अभियान।
  • जनसंवाद, विकास प्रदर्शनी, स्वच्छता एवं पौधरोपण कार्यक्रम होंगे।
  • पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित।
  • जनपद को मिले 2099 स्मार्ट मोबाइल फोन।
  • योजनाओं के प्रचार-प्रसार और लाभार्थी संपर्क पर रहेगा विशेष जोर।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ