Ad Code


 

वोर्टेक्स कप 2026 का भव्य आगाज़, रैपिड फायर ने हंसवाहिनी क्लब को 44 रन से रौंदा

मुख्य अतिथि अजय कुमार राय ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, अंबेडकर स्टेडियम में उमड़ा खेल प्रेमियों का सैलाब


ओबरा, सोनभद्र।
स्थानीय अंबेडकर स्टेडियम में बहुप्रतीक्षित वोर्टेक्स कप 2026 क्रिकेट प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अजय कुमार राय (जीएम, सीटीपीएस ओबरा तापीय परियोजना) एवं विशिष्ट अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।


उद्घाटन मुकाबले में रैपिड फायर की टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए हंसवाहिनी क्लब को 44 रनों के बड़े अंतर से पराजित कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। मैच के हीरो रहे दीपक तिवारी को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए "मैन ऑफ द मैच" चुना गया।


टॉस जीतकर हंसवाहिनी क्लब ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन रैपिड फायर के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 79 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में 80 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हंसवाहिनी क्लब की टीम रैपिड फायर के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और मात्र 35 रन पर सिमट गई। इस तरह रैपिड फायर ने 44 रन से एकतरफा जीत दर्ज की।


समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अजय कुमार राय ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होते हैं।इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में आनंद कुमार (सहायक कमांडेंट, ओबरा), राकेश कुमार (निरीक्षक, सीआईएसएफ), अमरदीप सिंह (डायरेक्टर, किड्स केयर), दलबीर समरा (अध्यक्ष, जिला फुटबॉल संघ) एवं रमेश सिंह यादव (राष्ट्रीय खिलाड़ी) उपस्थित रहे।मैच में अंपायर की जिम्मेदारी रोशन सिंह एवं प्रवीण सिंह ने निभाई। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दलबीर समरा और मोहित यादव द्वारा संयुक्त रूप से दीपक तिवारी को प्रदान किया गया।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजन अध्यक्ष राजेश पंडित, आयोजन सचिव प्रदीप शर्मा सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उद्घाटन मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना कर दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ