‘पर्यावरण की रक्षा हमारा नैतिक कर्तव्य’ के संकल्प के साथ वृहद पौधरोपण
अनपरा, सोनभद्र। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अनपरा तापीय परियोजना में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देते हुए वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। बताप विद्युत गृह (BTPS) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, अभियंताओं और कर्मचारियों ने सैकड़ों पौधे रोपकर हरित भविष्य की नींव रखी और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य महाप्रबंधक इंजीनियर अजय कुमार ने पौधरोपण की शुरुआत करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते औद्योगिक विकास के बीच प्रकृति का संतुलन बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि आज पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।मुख्य अभियंता इंजीनियर चंद्र प्रकाश ने कहा कि अनपरा तापीय परियोजना जहां ऊर्जा उत्पादन में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, वहीं हरित और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पौधे लगाना पहला कदम है, लेकिन उन्हें जीवित रखना और उनकी देखभाल करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।अभियान के दौरान विद्युत गृह परिसर, प्रशासनिक भवनों और आवासीय कॉलोनियों में आम, बेल, जामुन और गुलमोहर सहित फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए गए। पूरे परिसर में “पर्यावरण की रक्षा, हम सभी का नैतिक कर्तव्य” का नारा गूंजता रहा।कार्यक्रम में पूर्व महाप्रबंधक आर.सी. श्रीवास्तव, महाप्रबंधक प्रशासन एस.एन. मिश्रा, महाप्रबंधक डी.के. सिंह, निशीथ शर्मा, अधीक्षण अभियंता विजय कुमार दिनकर, कुमार गौरव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, अभियंता और कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सिंगल-यूज प्लास्टिक का बहिष्कार, पर्यावरण को स्वच्छ रखने और कम से कम एक पौधा लगाने की शपथ ली। परियोजना प्रशासन ने घोषणा की कि आगामी मानसून में पूरे परियोजना क्षेत्र और आवासीय कॉलोनियों में सघन पौधरोपण कर हरित पट्टी को और मजबूत बनाया जाएगा।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ