ओबरा, सोनभद्र। स्थानीय खेल मैदान में आयोजित प्रतिष्ठित वोर्टेक्स कप 2026 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। दूधिया रोशनी में खेले गए इस महामुकाबले में आर्यन बिल्ली ओबरा ने शानदार खेल, सटीक रणनीति और धारदार गेंदबाजी के दम पर सुपर किंग को 6 विकेट से पराजित कर खिताबी ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आर्यन बिल्ली ओबरा की टीम ने शुरू से ही विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। कसी हुई गेंदबाजी के सामने सुपर किंग के बल्लेबाज टिक नहीं सके और निर्धारित 8 ओवरों में 9 विकेट खोकर मात्र 42 रन ही बना पाए। 43 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर्यन बिल्ली ओबरा की टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया।मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों पर पुरस्कारों की बौछार हुई। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाने वाले चंद्रप्रकाश को दलवीर समरा एवं मुजफ्फर खान द्वारा मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजेता टीम को समाजसेवी रमेश सिंह की ओर से ₹51,000 का बंपर नकद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता टीम को वोर्टेक्स की ओर से ₹25,000 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि रमेश सिंह के प्रतिनिधि दीपक केशरी एवं तस्लीम खान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विशिष्ट अतिथियों में निशा बबलू सिंह (पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष, रेणुकूट), अजय प्रताप सिंह (ओबरा तापीय परियोजना), रमेश सिंह यादव (राष्ट्रीय खिलाड़ी), अमरजीत कुमार, संतोष साहनी, डब्लू सिंह (समाजसेवी, रेणुकूट) तथा गोविंदा जायसवाल मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।प्रतियोगिता को सफल एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में आयोजन अध्यक्ष राजेश पंडित एवं आयोजन सचिव प्रदीप शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मीडिया एवं प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी अजीत सिंह ने निभाई। वहीं प्रबंधन एवं सहयोग टीम में सोनू राय, विमलेश दीक्षित, फैजल खान, शुभम जायसवाल, आयुष माली, सिद्धार्थ गौतम, शुभम सिंह एवं आबिद खान सक्रिय रूप से जुड़े रहे। मैच में रोशन सिंह एवं प्रवीण सिंह ने अंपायर की भूमिका निभाते हुए निष्पक्ष फैसले दिए, जबकि हिमांशु कुशवाहा ने आधिकारिक स्कोरर के रूप में प्रत्येक गेंद का सटीक रिकॉर्ड रखा। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






.jpeg)
0 टिप्पणियाँ