Ad Code


 

विकसित सोनभद्र की नई उड़ान: विकास प्रदर्शनी में दिखी प्रगति, तकनीक और आत्मनिर्भर भारत की ताकत


सोनभद्र।
कभी पिछड़े जनपदों में गिना जाने वाला सोनभद्र आज विकास, उद्योग, तकनीक और जनकल्याण का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी ने बदलते सोनभद्र की तस्वीर को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। प्रदर्शनी में उमड़ी जनभागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि जनपद अब विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से बढ़ रहा है।


प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से सोनभद्र विकास की नई इबारत लिख रहा है। ऊर्जा उत्पादन, औद्योगिक निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में जनपद ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है, जिसका लाभ सोनभद्र को भी मिल रहा है।


प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों पर जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और सुशासन की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। लाभार्थियों की सफलता की कहानियों ने आमजन को सरकार की योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।


तकनीकी वीथिकाओं में ड्रोन, 3डी प्रिंटिंग, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), स्मार्ट कृषि उपकरणों और औद्योगिक ऑटोमेशन आधारित मॉडलों ने युवाओं और विद्यार्थियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। आधुनिक तकनीकों के प्रदर्शन ने आत्मनिर्भर भारत के सपने को नई ऊर्जा प्रदान की।


जनपद की औद्योगिक ताकत को भी प्रदर्शनी में प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। एनसीएल, अदाणी समूह, हिंडालको, अल्ट्राटेक, आवादा ग्रुप और ओबरा तापीय परियोजना जैसी प्रमुख औद्योगिक इकाइयों ने अपनी उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि सोनभद्र उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति का मजबूत आधार बन चुका है।


जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि सोनभद्र की परिवर्तनकारी विकास यात्रा का सशक्त दस्तावेज है। उन्होंने युवाओं से नवाचार, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


विकास प्रदर्शनी ने यह साबित कर दिया कि सोनभद्र अब केवल ऊर्जा की राजधानी ही नहीं, बल्कि नवाचार, औद्योगिक विकास और आत्मनिर्भरता का भी उभरता हुआ केंद्र बन चुका है। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में बढ़ते कदमों का यह आयोजन जनपद के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत करता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ