Ad Code


 

सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष: विकास प्रदर्शनी में दिखी विकसित भारत की झलक

 

सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ बुधवार को पंचायत रिसोर्स सेंटर में हुआ। समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, तकनीकी नवाचारों तथा विकसित भारत के संकल्प की आकर्षक झलक प्रस्तुत की गई।कार्यक्रम में राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे गरीब, किसान, महिलाएं और युवा सशक्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और स्वनिधि योजना जैसी योजनाएं करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य सहायता सामग्री वितरित की गई। अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं, जबकि रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति चेक सौंपे गए।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सोनभद्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। तकनीकी नवाचार, आधारभूत संरचना के विस्तार और रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से जिले में विकास की नई तस्वीर उभर रही है, जिसका सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है।कार्यक्रम में घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, सदर विधायक भूपेश चौबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, जिला प्रभारी अनिल सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल तथा पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी में सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित किया गया है, जिसे देखने के लिए जिले भर से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ