Ad Code


 

मोहर्रम को लेकर सोनभद्र प्रशासन हाई अलर्ट

 10 फीट से ऊंचा ताजिया नहीं, नई परंपरा पर रोक; अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई


सोनभद्र, 17 जून।
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सोनभद्र प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में सुरक्षा, यातायात, ध्वनि नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान 10 फीट से अधिक ऊंचाई का ताजिया नहीं रखा जाएगा तथा किसी भी स्थिति में पेड़ों की डालियों की कटाई-छंटाई नहीं होगी। उन्होंने कहा कि नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ताजिया केवल पूर्व निर्धारित कर्बला स्थलों पर ही दफन किए जाएंगे। जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।बैठक में प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि भ्रामक पोस्ट, अफवाह या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मोहर्रम के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं, अन्यथा संबंधित व्यक्तियों पर कार्रवाई होगी।बैठक में विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर लटक रहे और ढीले विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर जुलूस मार्गों, कर्बला स्थलों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को कहा गया।प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व पूरी शांति एवं भाईचारे के साथ संपन्न हो सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) बागीश कुमार शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, विभागीय अधिकारी, धर्मगुरु, ताजियादार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ