Ad Code


 

डीएम चर्चित गौड़ के सख्त तेवर: अवैध अस्पतालों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सील तोड़कर चल रहे हॉस्पिटल पर दोबारा जड़ा ताला


सोनभद्र
।जनपद में बिना मान्यता संचालित अस्पतालों के खिलाफ जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अस्पतालों पर शिकंजा कस दिया। औचक निरीक्षण के दौरान कोन और दुद्धी क्षेत्र में नियमों की अनदेखी करने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई से हड़कंप मच गया।


संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि पहले से सील किए गए इंडियन हॉस्पिटल का ताला तोड़कर दोबारा संचालन किया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही पर अधिकारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में अस्पताल को तत्काल पुनः सीज कर दिया।


कार्रवाई के दौरान के.एम. हॉस्पिटल और नेशनल हॉस्पिटल, दुद्धी में आवश्यक दस्तावेजों और वैधानिक मानकों में अनियमितताएं मिलने पर दोनों अस्पतालों को भी सीज कर दिया गया। वहीं भरत हॉस्पिटल और ग्लोबल हॉस्पिटल पहले से सील अवस्था में पाए गए, जबकि राधा रानी हॉस्पिटल नाम का कोई अस्पताल मौके पर संचालित नहीं मिला।

मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर, संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा पुलिस बल ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले और बिना वैधानिक अनुमति अस्पताल चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित, मानक अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ