चोपन (सोनभद्र)। जनपद सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मीतापुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया। परिवार की महिलाओं के साथ सोन नदी में स्नान करने गए दो मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोल बम केवट (16 वर्ष) पुत्र लोधी केवट तथा दीपक केवट (10 वर्ष) पुत्र भगवान दास केवट बुधवार सुबह लगभग 9:30 बजे परिवार की महिलाओं के साथ मीतापुर घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान अचानक दोनों बच्चों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों नदी की तेज धारा में लापता हो गए।
मौके पर मौजूद महिलाओं ने शोर मचाकर बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कर दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही चोपन पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने विशेषज्ञ सहायता के लिए एनडीआरएफ को भी सूचना भेज दी है, ताकि खोज अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।
समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों का कोई पता नहीं चल सका था। प्रशासन द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है और मौके पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से मीतापुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण बच्चों के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ