Ad Code


 

सीएचसी की बदलेगी तस्वीर! डीएम चर्चित गौड़ का सख्त अल्टीमेटम, लापरवाही पर एमओआईसी का वेतन रुकेगा

 एक दिन में मांगा मरम्मत व संसाधनों का प्रस्ताव, संस्थागत प्रसव, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और साफ-सफाई पर विशेष जोर


सोनभद्र
। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में उन्होंने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश देते हुए चिकित्सा अधीक्षकों (एमओआईसी) से भवन मरम्मत, जांच उपकरणों और आवश्यक संसाधनों का विस्तृत प्रस्ताव 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने को कहा।डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय में प्रस्ताव न देने या किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित एमओआईसी के वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।बैठक में संस्थागत प्रसव बढ़ाने, सरकारी एवं निजी अस्पतालों के साथ-साथ घरों में होने वाली डिलीवरी की भी ट्रैकिंग करने के निर्देश दिए गए। आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को गर्भवती महिलाओं से नियमित संपर्क बनाए रखने तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्रों की साफ-सफाई, मातृ एवं शिशु मृत्यु ऑडिट, एएनसी पंजीकरण, कुपोषित बच्चों के उपचार और ई-कवच पोर्टल पर समयबद्ध अपलोडिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही आरबीएसके टीम को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए गए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ