Ad Code


 

सार्वजनिक सड़क पर दबंगई का निर्माण! आरसीसी सड़क तोड़कर खड़े किए जा रहे पिलर, ग्रामीणों में आक्रोश


भारत लाइव टीवी। वीरेंद्र कुमार सिह जिला ब्यूरो

अमेठी।तिलोई तहसील के थाना इन्हौना क्षेत्र स्थित ग्राम सोना के ताल, मजरा रामगंज में सार्वजनिक मार्ग पर कथित अतिक्रमण और आरसीसी सड़क को क्षतिग्रस्त कर निर्माण कार्य किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा सरकारी सड़क पर मिट्टी डालकर उसे नुकसान पहुंचाया गया और उसी स्थान पर आरसीसी पिलर खड़े किए जा रहे हैं।

पीड़ित लखना और सावित्री का कहना है कि उनके घर के सामने जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गांव के लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक मार्ग लगातार संकरा होता जा रहा है और आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

112 पर सूचना, फिर भी नहीं रुका निर्माण!

पीड़ितों के अनुसार मामले की शिकायत डायल 112 और स्थानीय पुलिस से की गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे शिकायतकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका आरोप है कि जिम्मेदार विभाग मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है, जिसके चलते निर्माण कार्य कराने वालों के हौसले बुलंद हैं।

ग्रामीणों ने जताई बड़े विवाद की आशंका

गांव के अन्य लोगों ने भी सार्वजनिक मार्ग पर हो रहे निर्माण को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध निर्माण नहीं रोका गया तो भविष्य में बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है। साथ ही सड़क बाधित होने से आम जनता को भी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

पीड़ितों ने थाना इन्हौना में प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच, अवैध निर्माण कार्य पर तत्काल रोक, क्षतिग्रस्त सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल कराने तथा दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

समाचार में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता पक्ष के कथन पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है तथा दूसरे पक्ष का बयान प्राप्त नहीं हो पाया है। मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ