Ad Code


 

डीएम का बड़ा एक्शन! गलत रिपोर्ट भेजने पर म्योरपुर के खंड शिक्षा अधिकारी संबद्ध, एक हफ्ते में मांगा जवाब


सोनभद्र।
परिषदीय विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों के पुनःस्थापन को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर त्रुटिपूर्ण सूचना उपलब्ध कराने के मामले में म्योरपुर के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

दरअसल, उच्च न्यायालय इलाहाबाद और उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के तहत सरप्लस शिक्षकों के पुनःस्थापन की प्रक्रिया चल रही थी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा सूचना का परीक्षण किया गया, जिसमें म्योरपुर विकास खंड से भेजी गई जानकारी गलत पाई गई।

जांच में सामने आया कि सूचना कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा तैयार की गई थी, लेकिन खंड शिक्षा अधिकारी ने उसका सत्यापन किए बिना ही उसे समिति के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। इस लापरवाही के चलते शासन को समय पर सही सूचना नहीं भेजी जा सकी और अधिकारियों के समक्ष असहज स्थिति उत्पन्न हुई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से संबद्ध करते हुए एक सप्ताह के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही, म्योरपुर विकास खंड का अतिरिक्त प्रभार बभनी के खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार पाण्डेय को सौंप दिया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, गलत सूचना और जिम्मेदारियों के निर्वहन में कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी और नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ