प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने मंगलवार को कंधई क्षेत्र स्थित कालूराम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।एसपी ने परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर तैनात पुलिस बल की सतर्कता परखी तथा अभ्यर्थियों की तलाशी और प्रवेश व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, कंट्रोल रूम संचालन और अन्य सुरक्षा इंतजामों की भी गहन जांच की।निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जाए। केंद्रों के बाहर भीड़ एकत्र न होने देने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश भी दिए गए।एसपी ने कहा कि अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार रखते हुए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सकुशल संपन्न हो सके।जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त निगरानी में भर्ती परीक्षा के लिए अभेद्य सुरक्षा कवच तैयार किया गया है, जिससे नकल माफियाओं और गड़बड़ी फैलाने वालों पर पूरी तरह शिकंजा कसा जा सके।






.jpeg)
0 टिप्पणियाँ