सोनभद्र। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद में 08, 09 एवं 10 जून को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा के लिए छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो-दो पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम तथा परीक्षा कक्षों की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, टेंट व्यवस्था, फ्रिस्किंग प्वाइंट तथा अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, एम्बुलेंस की उपलब्धता तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयपालन, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या शिथिलता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सजगता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।निरीक्षण एवं ब्रीफिंग कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी सदर अश्विनी कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा सहित शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ