Ad Code


 

सोनभद्र में जनकल्याण मेले का भव्य आगाज़, प्रभारी मंत्री ने बांटी साइकिलें और स्मार्टफोन

सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान, स्वास्थ्य सेवाओं का भी मिला लाभ



सोनभद्र, 14 जून 2026।
सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोनभद्र जिले में जनकल्याण एवं स्वास्थ्य मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। विकास खंड रॉबर्ट्सगंज परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश सरकार के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री एवं जनपद प्रभारी हंसराज विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही।मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए प्रभारी मंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कक्षा-9 की छात्राओं को साइकिल वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया, वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन देकर तकनीक के माध्यम से सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण की योजनाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 14 से 16 जून तक जिले के सभी विकास खंडों में आयोजित होने वाले जनकल्याण एवं स्वास्थ्य मेले आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।उन्होंने बताया कि शिविरों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, रोगों की जांच और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।


सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से समाज के हर वर्ग का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। वहीं घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को विस्तार से बताते हुए कहा कि प्रदेश और देश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक प्रमुख सदर अजीत रावत ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ