भारत लाइव टीवी। वीरेंद्र कुमार सिंह जिला ब्यूरो
अमेठी। तहसील तिलोई क्षेत्र में भूमि विवाद के एक मामले ने नया मोड़ ले लिया है। थाना शिवरतनगंज क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी तिलोई से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता कुसुम का आरोप है कि भूमि विवाद के संबंध में उन्होंने थाना शिवरतनगंज में शिकायत दर्ज कराई थी। वह अशिक्षित हैं, जिसका कथित तौर पर फायदा उठाकर उनसे विभिन्न दस्तावेजों और प्रार्थना पत्रों पर अंगूठा लगवा लिया गया। महिला का कहना है कि बाद में जब उन्होंने अन्य लोगों से दस्तावेजों की जानकारी ली तो पता चला कि उनके मामले को सुलह-समझौते के रूप में दर्शा दिया गया है।
महिला ने आरोप लगाया कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना फर्जी तरीके से समझौता तैयार कर दिया गया, जबकि वह किसी भी प्रकार के समझौते के लिए तैयार नहीं थीं। न्याय न मिलने से आहत पीड़िता ने उपजिलाधिकारी तिलोई को लिखित प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी तिलोई ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) को जांच के निर्देश दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
पीड़िता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला पुलिस कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।






.jpeg)
0 टिप्पणियाँ