Ad Code


 

सड़क हादसे में घायल किशोर को मिला नया जीवन, PM-RAHAT योजना बनी सहारा

गोल्डन आवर में कैशलेस इलाज से बची जान, अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर बढ़ाया हौसला


सोनभद्र। सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई केंद्र सरकार की PM-RAHAT (प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत) योजना जनपद में जीवनदायिनी साबित हो रही है। योजना के तहत सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों को “गोल्डन आवर” के भीतर 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस और निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।घोरावल थाना क्षेत्र के धनावल गांव निवासी 16 वर्षीय अनिल कुमार सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। दुर्घटना के बाद ग्राम प्रधान अरविंद निषाद की तत्परता से उसे तत्काल पंचशील मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां PM-RAHAT योजना के अंतर्गत उसका उपचार शुरू किया गया।


सोमवार को यातायात क्षेत्राधिकारी डॉ. चारू द्विवेदी, पीएम राहत योजना की नोडल अधिकारी डॉ. सुमन जायसवाल, अस्पताल के डायरेक्टर पवित मौर्या तथा मां कुसुम फाउंडेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल किशोर का हालचाल जाना और पुष्पगुच्छ भेंट कर उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।डॉ. चारू द्विवेदी ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटा यानी “गोल्डन आवर” सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान सही और त्वरित इलाज मिलने से गंभीर घायलों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क हादसा होने पर घायल को बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं।


नोडल अधिकारी डॉ. सुमन जायसवाल ने बताया कि योजना के तहत दुर्घटना की तिथि से सात दिनों तक अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही गंभीर मरीजों को प्राथमिक स्थिरीकरण उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी दी जाती हैं।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद के चिन्हित अस्पतालों को इस योजना से जोड़ा जा रहा है। वहीं 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से दुर्घटना स्थल पर त्वरित सहायता और एंबुलेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।विशेषज्ञों का मानना है कि PM-RAHAT योजना न केवल घायलों को आर्थिक राहत प्रदान करेगी, बल्कि समय पर उपचार सुनिश्चित कर मृत्यु दर में भी कमी लाएगी। जनपद में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए नई उम्मीद बनकर उभर रहा है।पंचशील मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में भर्ती सड़क दुर्घटना में घायल किशोर अनिल कुमार का हालचाल लेते यातायात क्षेत्राधिकारी डॉ. चारू द्विवेदी, स्वास्थ्य विभाग एवं सामाजिक संस्था के प्रतिनिधि।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ