सोनभद्र| 30 जुलाई 2026।मत्स्य पालन से जुड़कर स्वरोजगार शुरू करने की तैयारी कर रहे युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों के लिए राहत भरी खबर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मत्स्य विभाग की विभिन्न राज्य सेक्टर योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर अब 05 अगस्त 2026 कर दी गई है।
सहायक निदेशक मत्स्य शुभम कश्यप ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एरेशन सिस्टम स्थापना, मत्स्य पालक कल्याण कोष, नवीन तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, मोती संवर्धन योजना, विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना सहित कई योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजनाओं की इकाई लागत, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। मत्स्य पालकों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और इच्छुक उद्यमियों से अपील की गई है कि अंतिम समय की भीड़ से बचते हुए समय रहते आवेदन सुनिश्चित करें।
अधिक जानकारी के लिए कार्यालय सहायक निदेशक मत्स्य, विकास भवन सोनभद्र अथवा मत्स्य निदेशालय उत्तर प्रदेश के हेल्पलाइन 0522-2740270 पर संपर्क किया जा सकता है।


0 टिप्पणियाँ