Ad Code


 

मारकुंडी बनेगा औद्योगिक हब, 50 एकड़ में विकसित होगा रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र

 सरकार की बड़ी पहल, युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार एक ही परिसर में मिलेगा। 16 करोड़ की सड़क परियोजना से उद्योगों को मिलेगी नई रफ्तार।


सोनभद्र
। देश में ऊर्जा राजधानी के रूप में पहचान रखने वाला सोनभद्र अब औद्योगिक विकास की नई उड़ान भरने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जिले के मारकुंडी क्षेत्र में 50 एकड़ भूमि पर सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने भूमि का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही परियोजना पर तेजी से कार्य शुरू होगा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के अनुसार यह अत्याधुनिक औद्योगिक क्षेत्र युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार का एकीकृत मंच उपलब्ध कराएगा। यहां स्किल डेवलपमेंट सेंटर, औद्योगिक इकाइयां, उत्पादों के आउटलेट और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।

इस औद्योगिक क्षेत्र में आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और हॉस्पिटैलिटी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को यहीं रोजगार उपलब्ध कराने की योजना है। इससे स्थानीय एमएसएमई, स्टार्टअप और नए उद्योगों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा तथा जिले में निवेश और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।

परियोजना को प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जहां बिजली, पानी, सड़क, इंटरनेट और सीवरेज जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहेंगी। तैयार फैक्ट्री शेड्स मिलने से उद्योग तुरंत उत्पादन शुरू कर सकेंगे।

औद्योगिक क्षेत्र की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए गुरमा मोड़ से औद्योगिक क्षेत्र तक 15.99 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी। इससे उद्योगों तक कच्चे माल और तैयार उत्पादों का परिवहन आसान होगा, लागत घटेगी और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

सोनभद्र के औद्योगिक भविष्य की दिशा बदलने वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने के साथ जिले को पूर्वांचल के प्रमुख औद्योगिक और कौशल विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ