Ad Code


 

सोनभद्र में संचारी रोगों पर बड़ा प्रहार, गांव-गांव चला स्वच्छता अभियान

 117 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 63 गांवों में नालियां साफ, 71 हैंडपंप हुए दुरुस्त


सोनभद्र, 05 जुलाई।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत रविवार को पूरे जनपद में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के अनुसार सफाई अभियान चलाते हुए लोगों को संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय बताए गए।

अभियान में सफाईकर्मियों, पंचायत सहायकों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्राम प्रधानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। गांव-गांव जाकर लोगों को साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, मच्छरों की रोकथाम और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

स्वच्छता अभियान के दौरान 63 गांवों में नालियों की सफाई, 117 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 71 हैंडपंपों की मरम्मत तथा 26 हैंडपंपों के चबूतरों का निर्माण एवं मरम्मत कराया गया। इसके अलावा 22 शौचालयों का निर्माण कराया गया, जबकि नगर पंचायत क्षेत्रों के 45 स्थानों पर नालियों की सफाई कराई गई।

मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए नगरीय क्षेत्रों के 5 वार्डों में फॉगिंग कराई गई। पशुपालकों को भी स्वच्छता एवं रोगों से बचाव के उपाय बताए गए। वहीं कृतंक (चूहा) नियंत्रण के लिए जनपद में 30 जागरूकता बैठकों का आयोजन किया गया।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ