अमेठी। वन महोत्सव सप्ताह के तहत शनिवार को तिलोई वन रेंज अंतर्गत आदर्श पब्लिक इंटर कॉलेज, बहादुरपुर में आयोजित "आम बहार-आपके द्वार" कार्यक्रम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आम भंडारे का आनंद लेने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने बताया कि 01 से 07 जुलाई तक मनाए जा रहे वन महोत्सव सप्ताह का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि फलदार वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और आजीविका के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आम के पौधों के महत्व, हरियाली बढ़ाने की आवश्यकता और जलवायु परिवर्तन से निपटने में वृक्षों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
वन विभाग ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण, जनजागरूकता अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि हर व्यक्ति इस अभियान का हिस्सा बन सके। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ