Ad Code


 

फोन की एक घंटी... और गांव में लौटी रोशनी!

अमेठी में एसडीओ की त्वरित कार्रवाई ने जीता ग्रामीणों का दिल, बोले— "ऐसे अधिकारी हर विभाग में होने चाहिए"


अमेठी।
सरकारी दफ्तरों में अक्सर शिकायतों के निस्तारण में देरी की बातें सुनने को मिलती हैं, लेकिन अमेठी में बिजली विभाग के एक अधिकारी ने अपनी कार्यशैली से अलग मिसाल पेश की है। विद्युत उपकेंद्र इन्हौना के अंतर्गत ग्राम सरैया सलारपुर में पिछले करीब दस दिनों से बार-बार फ्यूज उड़ने के कारण ग्रामीण लगातार बिजली संकट से जूझ रहे थे। कई बार फ्यूज जोड़े जाने के बावजूद समस्या दो-तीन दिन बाद फिर खड़ी हो जाती थी।

इस बार ग्रामीणों ने न तो कोई लिखित शिकायत दी और न ही कार्यालय के चक्कर लगाए। केवल एक फोन कॉल के जरिए जब यह समस्या जगदीशपुर विद्युत वितरण खंड के एसडीओ अनमोल सिंह तक पहुंची, तो उन्होंने बिना किसी देरी के तत्काल विभागीय टीम को गांव भेज दिया। टीम ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी खराबी दूर की और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

एसडीओ की इस त्वरित कार्रवाई से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि बिना किसी औपचारिक प्रक्रिया के सिर्फ सूचना मिलते ही जिस तेजी से कार्रवाई हुई, वह जनसेवा और जिम्मेदार प्रशासन का उत्कृष्ट उदाहरण है।

गांव के निवासी एवं पत्रकार प्रियांशु त्रिवेदी, भाजपा मंडल महामंत्री सुनील पासी, सुरेश राम, तीरथ, सीताराम, रामप्रसाद, बाबादीन, जगदेव सहित कई ग्रामीणों ने एसडीओ अनमोल सिंह की कार्यशैली की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि यदि हर अधिकारी इसी संवेदनशीलता और तत्परता से जनता की समस्याओं का समाधान करे, तो लोगों का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत होगा।

ग्रामीणों ने एसडीओ अनमोल सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "एक फोन कॉल पर बिजली बहाल कराकर उन्होंने साबित कर दिया कि जनसेवा के लिए इच्छाशक्ति सबसे बड़ी ताकत होती है।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ