Ad Code


 

सोनभद्र में संचारी रोगों पर बड़ा प्रहार, पूरे जिले में चला स्वच्छता और जागरूकता का महाअभियान

डीएम चर्चित गौड़ के निर्देशन में गांव से शहर तक सफाई, फॉगिंग, रैलियां और हैंडपंप मरम्मत का अभियान तेज


सोनभद्र, 11 जुलाई 2026।
बरसात के मौसम में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सोनभद्र प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में शनिवार को पूरे जनपद में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। गांवों और नगर क्षेत्रों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, फॉगिंग, खराब हैंडपंपों की मरम्मत और स्वच्छता कार्यों के साथ लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया समेत अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए गए।

अभियान के दौरान 37 विद्यालयों में जागरूकता रैलियां, 24 प्रभात फेरियां और 2 ग्राम सभाओं में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में 73 हैंडपंपों की मरम्मत, 36 हैंडपंप चबूतरों का निर्माण/मरम्मत, 3 शौचालयों का निर्माण तथा विभिन्न स्थानों पर नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई कराई गई।

नगर पंचायत क्षेत्रों में 26 स्थानों पर नालियों की सफाई और 5 वार्डों में फॉगिंग कर मच्छरों के प्रकोप को रोकने के प्रयास किए गए। वहीं पशुपालकों को भी पशुओं में फैलने वाले संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय बताए गए तथा कृतंक नियंत्रण को लेकर दो विशेष बैठकें आयोजित की गईं।

प्रशासन का कहना है कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जनसहभागिता से जिले को स्वच्छ एवं रोगमुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ