Ad Code


 

6.73 करोड़ से बदलेगी तियरा स्टेडियम की तस्वीर, सोनभद्र को मिलेगा विश्वस्तरीय खेल परिसर


सोनभद्र।
जिले के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वर्षों से बेहतर सुविधाओं का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों का सपना अब साकार होने जा रहा है। तियरा स्टेडियम का व्यापक जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण किया जाएगा, जिस पर 6.73 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रस्ताव खेल निदेशालय को भेज दिया गया है और धनराशि स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में तियरा स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस कर सोनभद्र की नई पहचान बनाया जाएगा, ताकि यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।

प्रस्ताव के अनुसार स्टेडियम में पवेलियन भवन का जीर्णोद्धार, क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत, वॉलीबॉल कोर्ट में सिंथेटिक फ्लोरिंग, फेंसिंग का नवीनीकरण, बाउंड्रीवाल पर कंटीले तार, दर्शक दीर्घा का सुदृढ़ीकरण, छात्रावासों और स्टैंड का रंग-रोगन, हॉकी के लिए विश्वस्तरीय टर्फ, जल निकासी व्यवस्था, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक फर्नीचर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना केवल भवनों की मरम्मत तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे स्टेडियम को आधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे जिले के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी तथा भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता भी खुलेगा।

तियरा स्टेडियम के कायाकल्प के साथ सोनभद्र खेल मानचित्र पर नई पहचान बनाने की ओर बढ़ेगा और जिले के युवा खिलाड़ियों को अपने ही जिले में विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ