Ad Code


 

गांव की गलियों में उतरे डीएम चर्चित गौड़, घर-घर पहुंचकर छेड़ी संचारी रोगों के खिलाफ जंग

40-50 संवेदनशील गांवों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, ग्रामीण बोले— पहली बार किसी डीएम को इस अंदाज में देखा


सोनभद्र, 01 जुलाई 2026
।संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सोनभद्र प्रशासन ने अनोखी पहल करते हुए अभियान को सीधे गांव की गलियों तक पहुंचा दिया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बुधवार को बभनौली कला गांव में स्वयं पैदल भ्रमण कर घर-घर दस्तक दी और ग्रामीणों को स्वच्छता, सुरक्षित खान-पान तथा संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।गांव की गलियों में आम लोगों के बीच पहुंचे जिलाधिकारी ने साफ संदेश दिया कि "स्वच्छता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।" उन्होंने ग्रामीणों से अपने घरों और आसपास नियमित साफ-सफाई रखने, दूषित पानी और गंदगी से बचने तथा बीमारियों के शुरुआती लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई, सड़कों की बेहतर व्यवस्था तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के 40 से 50 ऐसे गांव चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां संचारी रोग फैलने की आशंका अधिक रहती है, ताकि वहां विशेष स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और दस्तक अभियान चलाकर समय रहते बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सके।जिलाधिकारी की इस अनोखी पहल से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कहा कि पहली बार किसी जिलाधिकारी को गांव की गलियों में पैदल घूमकर लोगों को जागरूक करते देखा है, जिससे प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ।अभियान के तहत विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को संचारी रोगों से बचाव एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम, स्वास्थ्य, पंचायतीराज और अन्य विभागों के समन्वय से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, एएनएम एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ