Ad Code


 

पगडंडी से खेत पहुंचे डीएम, जीएनएसएस रोवर से शुरू हुई हाईटेक पैमाइश

1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान, हर तहसील के 5 गांवों में होगी आधुनिक तकनीक से पैमाइश, ग्रामीण बोले– ऐसा डीएम पहली बार देखा


सोनभद्र, 1 जुलाई
।जनपद में राजस्व व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बुधवार को एक नई शुरुआत हुई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बभनौली कला गांव में खेत तक पहुंचने के लिए पगडंडी का रास्ता चुना और स्वयं किसानों के बीच पहुंचकर जीएनएसएस (GNSS) रोवर तकनीक आधारित विशेष पैमाइश अभियान का शुभारंभ किया। डीएम की यह सादगी और जमीनी कार्यशैली ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गई।मुख्यमंत्री के निर्देश पर 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत खेतों, चकमार्गों और राजस्व अभिलेखों की आधुनिक तकनीक से सटीक एवं पारदर्शी पैमाइश की जाएगी। जिलाधिकारी ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक तहसील में गठित रोवर टीमें प्रतिदिन कम से कम पांच गांवों में अभियान चलाकर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें। साथ ही फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और दैनिक प्रगति का नियमित अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित किया जाए।अभियान की शुरुआत के दौरान डीएम का खेत तक पैदल पहुंचना ग्रामीणों को काफी पसंद आया। किसानों ने कहा कि पहली बार किसी जिलाधिकारी को पगडंडी के रास्ते खेत तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझते और आधुनिक तकनीक से पैमाइश शुरू कराते देखा है। ग्रामीणों ने इसे प्रशासन की जनहितैषी और किसान हितैषी पहल बताते हुए डीएम चर्चित गौड़ की खुले दिल से सराहना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ