सोनभद्र। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर व्यापक स्तर पर विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। जगह-जगह नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, खराब हैंडपंपों का चिन्हीकरण और मरम्मत कराई गई, जिससे बरसात के मौसम में फैलने वाले रोगों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के अनुसार विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। सफाईकर्मियों, पंचायत सहायकों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों तथा ग्राम प्रधानों ने घर-घर पहुंचकर लोगों को मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए। लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव रोकने और स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने की अपील की गई।अभियान के दौरान जनपद के विद्यालयों में जागरूकता रैलियां और प्रभात फेरियां निकाली गईं। ग्राम पंचायतों में जनसभाएं आयोजित कर स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। गांवों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, हैंडपंपों एवं उनके चबूतरों की मरम्मत तथा शौचालय निर्माण जैसे कार्य भी कराए गए।
नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाते हुए नालियों की सफाई और वार्डों में फॉगिंग कराई गई। पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया, जबकि कृतंक नियंत्रण को लेकर बैठकें आयोजित कर आवश्यक जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य बरसात के मौसम में फैलने वाले संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और जनसामान्य को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना रहा।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ