Ad Code


 

पेड़ काटने में बरती लापरवाही बनी मासूम की मौत का कारण, ननिहाल आए भाई-बहन हादसे का शिकार

बिजली के खंभे पर गिरी पीपल की डाल, 2 वर्षीय मासूम की मौत, 3 वर्षीय बहन गंभीर घायल


कौशाम्बी।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के टेवा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। पीपल का पेड़ काटने के दौरान उसकी भारी डाल बिजली के दो खंभों पर गिर गई। इससे दोनों खंभे अचानक टूटकर नीचे गिर पड़े, जिसकी चपेट में पास में खेल रहे दो मासूम भाई-बहन आ गए।

हादसे में 2 वर्षीय प्रिंस की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी 3 वर्षीय बहन जानवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, टेवा गांव की एक विवाहिता अपने दोनों बच्चों के साथ फतेहपुर जिले के अपने ससुराल से मायके आई हुई थी। इसी दौरान गांव में पीपल का पेड़ काटा जा रहा था। पेड़ की डाल बिजली के खंभों पर गिरने से दोनों खंभे भरभराकर गिर पड़े और पास में खेल रहे मासूम उनकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मंझनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग पेड़ काटने के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की बड़ी वजह बता रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ