Ad Code


 

भीषण गर्मी में बड़ी राहत! मेडिकल कॉलेज के एनआरसी वार्ड में लगे एसी, कुपोषित बच्चों को मिलेगा बेहतर इलाज


कौशाम्बी।
गंभीर कुपोषित बच्चों के इलाज को और बेहतर बनाने की दिशा में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध संयुक्त जिला चिकित्सालय ने अहम कदम उठाया है। पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) वार्ड को अब वातानुकूलित (एसी) कर दिया गया है। वार्ड में दो नए एयर कंडीशनर लगाए गए हैं, जिससे भर्ती बच्चों और उनके साथ रहने वाले परिजनों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिओम कुमार सिंह ने बताया कि कुपोषित बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से एनआरसी वार्ड में तत्काल दो नए एसी स्थापित कर उन्हें चालू कराया गया है।

प्राचार्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वार्ड में भर्ती बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार, आवश्यक दवाएं, स्वच्छता, उचित तापमान और सभी मूलभूत सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले जरूरतमंद बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।

नई व्यवस्था से एनआरसी में भर्ती बच्चों के परिजनों ने भी खुशी जताते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन की इस पहल की सराहना की और इसे मरीज हित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ