Ad Code


 

डीएम का बड़ा एक्शन! 44 वीएचएसएनडी सत्रों की जांच में खुली स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल


कौशाम्बी।
जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल के निर्देश पर बुधवार को जनपद के 27 अधिकारियों ने आकांक्षी विकास खंड मंझनपुर एवं कौशाम्बी के 44 वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई गंभीर कमियां सामने आने पर प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए हैं।

जांच के दौरान करारी आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की समुचित व्यवस्था नहीं मिली। वहीं चक नगर, मंझनपुर में आयोजित सत्र में आईपीवी वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। रसूलपुर बड़ा गांव में गर्भवती महिलाओं की ड्यू-लिस्ट अद्यतन नहीं पाई गई, जबकि प्राथमिक विद्यालय लाल का पूरा में आयोजित सत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री द्वारा गंभीर कुपोषित (सैम) बच्चों को सत्र में नहीं लाया गया।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि जिन वीएचएसएनडी सत्रों में कमियां मिली हैं, वहां तैनात एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं से तत्काल स्पष्टीकरण लिया जाए। साथ ही भविष्य में सभी सत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ