Ad Code


 

छात्रवृत्ति में लापरवाही नहीं चलेगी: CDO जागृति अवस्थी का सख्त संदेश, समय पर आवेदन निस्तारण के निर्देश


सोनभद्र।
कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में वर्ष 2026-27 की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना को लेकर महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में माध्यमिक व उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी तथा समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जुड़ी है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही जिले की रैंकिंग और विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों को निर्धारित समयसीमा में आवेदन सत्यापन, अग्रसारण एवं निरस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

कार्यशाला में अधिकारियों ने पीपीटी और वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से छात्रवृत्ति पोर्टल की संपूर्ण प्रक्रिया समझाई। बताया गया कि कक्षा 9 से 12 तक के संस्थानों को 5 अगस्त 2026 तक मास्टर डेटा अपडेट करना होगा, जबकि उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए यह समयसीमा 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) के बिना कोई भी छात्र छात्रवृत्ति आवेदन नहीं कर सकेगा। सीडीओ ने सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों को छात्रों के लिए विशेष जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने तथा इसकी रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। पात्र आवेदनों को समय पर अग्रसारित किया जाए तथा अपात्र आवेदनों को नियमानुसार निरस्त किया जाए। यदि किसी संस्थान की ओर से लापरवाही पाई गई तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों को छात्रवृत्ति सेल गठित कर प्रतिदिन पोर्टल की निगरानी करने और लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कार्यशाला के अंत में शिक्षण संस्थानों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ