डीएम चर्चित गौड़ के निर्देश पर सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए विभागों ने कसी कमर, सुकृत से मारकुंडी घाटी तक तीन टीमें मैदान में, अनपरा-शक्तिनगर और बीजपुर मार्ग पर भी युद्धस्तर पर पैच मरम्मत
सोनभद्र। जनपद की सड़कों को सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर गड्ढामुक्ति और सड़क सुरक्षा का अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में एसीपी टोलवेज द्वारा सुकृत से मारकुंडी घाटी तक सड़क की मरम्मत के लिए तीन टीमों को लगाया गया है। टीमों द्वारा सड़क के गड्ढों को भरने के साथ आवश्यक स्थानों पर कैट-आई लगाने तथा दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा बोर्ड एवं चेतावनी संकेतक लगाने का कार्य भी कराया जा रहा है। वहीं लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड द्वारा अनपरा-शक्तिनगर, बीजपुर समेत प्रमुख मार्गों पर भी गड्ढामुक्ति एवं पैच मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। क्षतिग्रस्त हिस्सों में गिट्टी डालने के बाद रोलर के माध्यम से पैच मरम्मत कर सड़क को व्यवस्थित एवं मजबूत किया जा रहा है। यह कार्य अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड की निगरानी में कराया जा रहा है। प्रशासन द्वारा सड़क मरम्मत के साथ सड़क सुरक्षा पर भी विशेष फोकस किया गया है। दुर्घटना बाहुल्य एवं संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां वाहन चालकों को सावधान करने के लिए चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा संकेतक लगाए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य केवल सड़कों के गड्ढे भरना नहीं, बल्कि आवागमन को सुरक्षित बनाना और संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद संबंधित विभागों को अभियान में तेजी बनाए रखने तथा मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों पर उतरी टीमों की सक्रियता से अब जिलेवासियों को बेहतर, सुरक्षित और गड्ढामुक्त सफर की उम्मीद जगी है।


0 टिप्पणियाँ