Ad Code


 

रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का शिकंजा

खलियारी रोड से चोपन बाजार तक छापेमारी, खोवा-पनीर समेत मिठाइयों के 4 नमूने जांच के लिए भेजे


सोनभद्र
। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शासन के निर्देश पर चल रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत मंगलवार को विभागीय टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए खोवा, गुलाब जामुन, पनीर और चन्द्रकला मिठाई के कुल चार नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के पत्रांक एफ०एस०डी०ए०/रक्षा बंधन अभि०/2026-27/4224 दिनांक 21 अगस्त 2026 के निर्देश पर रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए 21 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य खोवा, पनीर, दूध एवं दुग्ध उत्पादों से निर्मित मिठाइयों, बूंदी के लड्डू समेत अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम करना है।इसी क्रम में 25 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने खलियारी रोड पटवध स्थित एक प्रतिष्ठान से खोवा एवं गुलाब जामुन के एक-एक नमूने संग्रहित किए। इसके बाद चोपन बाजार स्थित कन्हैया स्वीट्स से पनीर एवं चन्द्रकला मिठाई के एक-एक नमूने लिए गए। सभी चार नमूनों को खाद्य विश्लेषक के पास जांच के लिए भेजा जा रहा है।विभागीय अधिकारियों के मुताबिक प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मानकों का उल्लंघन अथवा मिलावट पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को भी मिलावटी खाद्य पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।वहीं, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, सोनभद्र के आदेश के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव, तहसील राबर्ट्सगंज द्वारा ओबरा बाजार में व्यापार मंडल के सहयोग से खाद्य पंजीकरण कैम्प आयोजित किया गया। कैम्प में खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के नियमों के तहत पंजीकरण कराने की जानकारी दी गई।कैम्प के दौरान कुल 40 खाद्य पंजीकरण आवेदन कराए गए। इस दौरान सुशील कुशवाहा, गौरव जैन, धर्मराज सिंह, शुभम त्रिपाठी, मनोज कुमार सहित अन्य खाद्य कारोबारकर्ता मौजूद रहे।रक्षाबंधन से पहले विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। वहीं, विभाग का कहना है कि पर्व के दौरान आम जनता तक सुरक्षित, शुद्ध और मानकयुक्त खाद्य पदार्थ पहुंचाना अभियान की प्राथमिकता है और मिलावट की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ